ग्राम प्रधानों को 'बंपर' मौका, गाँव में अब भी...बना सकते हैं 'अमृत सरोवर'...
भदोही जिले के छह ब्लॉकों में 90 बदहाल तालाबों की तस्वीर बदलेगी। पंचायत राज विभाग ने सभी छह ब्लॉकों से ऐसे 15-15 तालाबों की सूची मांगी है। जल संचयन एवं गांव के विकास के लिए ग्राम निधि से इन तालाबों को पुनर्जीवित किया जाएगा। एक सप्ताह में सूची उपलब्ध होने पर इस पर काम भी तत्काल प्रभाव से शुरू करवाने का दावा किया गया है।
राजस्व विभाग के मुताबिक जिले की तीन तहसीलों के छह ब्लॉकों में करीब 1250 से अधिक तालाब हैं। एकाध बड़े तालाबों को तो अमृत सरोवर योजना में बेहतर किया जा चुका है, लेकिन गांव के मध्य स्थित छोटे-छोटे तालाब अभी भी योजना की इंतजार में हैं। इसको लेकर पंचायत राज विभाग हर ब्लॉक में 15-15 तालाबों को बेहतर करने की कवायद में जुट गया है। मीडिया खबरों के मुताबिक एक सप्ताह पहले पंचायत राज अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सचिवों से छह ब्लॉकों के 90 तालाबों की सूची मांगी है। इन तालाबों का ग्राम निधि से सुंदरीकरण किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य है कि तालाबों को पुनर्जीवित करना और जल संचयन को बढ़ावा देना है। इसके तहत तालाबों की सफाई, गहरीकरण और उनके किनारों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।