गुमशुदा युवती, डायल 112, सुरक्षा का एहसास, फिर ऐसे परिजनों को सुपुर्दगी. पढ़िए..मिशन शक्ति
भदोही पुलिस की मानवीय पहल एक बार फिर चर्चा में है. गोपीगंज पुलिस ने एक गुमशुदा महिला की विशेष काऊंसिलिंग करके उसके परिजनों की तलाश करके सुपुर्दगी कर दी।
गौरतलब है कि अभिनव त्यागी (पुलिस अधीक्षक भदोही) के कुशल निर्देशन में और शुभम अग्रवाल (अपर पुलिस अधीक्षक) के प्रभावी पर्यवेक्षण में "मिशन शक्ति अभियान 5.0 (द्वितीय चरण)" के तहत चलाए जा रहे जन-सुरक्षा एवं सहायता अभियान में विशेष कार्यरत है। इसी क्रम में थाना गोपीगंज पुलिस द्वारा एक सराहनीय कार्य किया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक अज्ञात युवती को बरामद कर उसे उसके परिवार से मिलवाने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण : दिनांक 26.03.2026 समय 23:20 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि टेड़वरीया रेलवे फाटक गोपीगंज स्टेशन के पास एक अज्ञात महिला अकेले घूम रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पीआरवी 7672 और गश्त पर तैनात कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह व होमगार्ड शेषधर मौके पर पहुँचे। पुलिस टीम ने स्थानीय महिलाओं के सहयोग से सुरक्षा की दृष्टि से युवती को संरक्षण में लिया और स्थानीय महिलाओं के साथ ही ससम्मान थाना गोपीगंज लाया गया।
संवेदनशीलता और काउंसलिंग : युवती को थाना परिसर स्थित 'मिशन शक्ति केंद्र' पर लाया गया, जहाँ प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज व चौकी इंचार्ज कस्बा उ0नि0 कुलदीप मिश्रा द्वारा महिला पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में युवती से बेहद आत्मीयता और धैर्यपूर्वक बातचीत की गई। पुलिस टीम ने युवती को आत्मविश्वास और सुरक्षा का अहसास कराया, जिसके बाद उसने अपना परिचय ग्राम लालानगर, थाना गोपीगंज निवासी के रूप में दिया। पुलिस रिकॉर्ड की जाँच करने पर पाया गया कि उक्त युवती की गुमशुदगी के संबंध में परिजनों द्वारा थाना हाजा पर पहले ही सूचना दी जा चुकी थी।
परिजनों को सुपुर्दगी : पहचान सुनिश्चित होने के उपरांत तत्काल युवती के परिजनों को सूचित किया गया। थाने पहुँचे माता व अन्य परिजनों को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण कर उनकी पुत्री को सकुशल सुपुर्द किया गया। अपनी खोई हुई बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने भदोही पुलिस की कार्यप्रणाली व संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
पुलिस टीम : उ0नि0 कुलदीप मिश्रा (चौकी इंचार्ज कस्बा), उ0नि0 श्री प्रमोद सिंह यादव (हल्का प्रभारी), का0 जितेन्द्र सिंह व होमगार्ड शेषधर, पीआरवी 7672 के समस्त कर्मचारीगण।
