सुरियावां। देवरिया बाल संरक्षण गृह के लड़कियों से हुए दुराचार एवं अमानवीय कृत्य के खिलाफ बुधवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। लोकसभा युवा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ता नगर के बाईपास पर इकट्ठा हुए। जहां पर जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए गए और प्रदेश के बाल एवं महिला विकास मंत्री रीता बहुगुणा जोशी का पुतला दहन किया गया।इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव वसीम अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार में बाल एवं नारी संरक्षण गृहों में महिलाओं एवं बच्चियों की अस्मत लूटी जा रही है। भाजपा सरकार में महिला संरक्षण केंद्र महिला शोषण का केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश के महिला संरक्षण एवं बाल सुधार गृह की सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और देह व्यापार करने वाली संस्थाओं को काली सूची में डालते हुए उसके संचालकों को फांसी दे देना चाहिए। वहीं युवा कांग्रेस के लोकसभा अध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि देवरिया बाल संरक्षण गृह में बच्चियों के साथ दुराचार में शामिल आरोपित चाहे जो भी हो उसे फांसी की सजा होनी चाहिए। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार से अब बेटियों को बचाना पड़ रहा है।
इस मौके पर मोहम्मद नाजिम, राजबहादुर सिंह, त्रिलोकी बिंद, संदीप यादव, राजेश यादव, मनोज नारायण, विनोद पाल, कमरुद्दीन, गणेश यादव ,संतोष यादव ,अखिलेश यादव, राम इकबाल दूबे, राजनाथ मौर्य, विनोद कुमार, विशेश्वर, चांद बाबू, जगन्नाथ यादव, आशीष यादव, मोहम्मद सद्दाम इत्यादि उपस्थित रहे।